शेयर बाजार में किसे घुसना चाहिए?

ज्‍योतिष के कोण से शेयर बाजार को देखा जाए तो शेयर की समझ वाले लोग अलग और शेयर से पैसा कमाने वाले लोग अलग अलग श्रेणियों में खड़े दिखाई देते हैं। इसका आशय है कि यह जरूरी नहीं है कि किसी व्‍यक्ति को शेयर बाजार की समझ हो तो वह उससे कमा भी ले। फंडामेंटल और तकनीकी दोनों तरीकों से सौ प्रतिशत बुक स्‍टाइल में खेलते हुए भी अचानक परि‍स्थितियों में हुए बदलाव से अच्‍छे खिलाड़ी भी बड़ा नुकसान खा बैठते हैं। अगर जातक की पत्रिका में शेयर बाजार से कमाना लिखा हो तो ही जातक कमा पाएगा, अन्‍यथा नहीं।

आम जातक के लिए शेयर बाजार की संभावना मोटे तौर पर तीन प्रकार की देखता हूं।

पहले वे लोग हैं जो शेयर बाजार को अपनी आय में से हुई बचत के निवेश की तरह देखते हैं। अच्‍छे शेयरों का चुनाव खुद करते हैं अथवा अपने शुभाकांक्षी मित्रों के सहारे चुनाव करते हैं, उनमें निवेश करते हैं और एफडी की तरह लंबे समय तक उन्‍हें पड़ा रहने देते हैं। ये दीर्घकालिक निवेशक होते हैं।

दूसरे प्रकार के लोग शेयर बाजार को सावधानी से खेलते हैं, छोटी अवधि का निवेश करते हैं, छोटी मात्रा में लाभ अर्जित करते हैं और ऐसा नियमित रूप से करते रहते हैं। जब तक बहुत बड़ी उलटफेर न हो जाए, इन्‍हें अधिक नुकसान नहीं होता।

तीसरे प्रकार के लोग शेयर बाजार को सट्टा बाजार की तरह देखते हैं और अपनी पूरी शक्ति और धन फ्यूचर ऑप्‍शन जैसे खेल में लगाकर रखते हैं। इन लोगों की पत्रिका में अगर अचानक बड़े लाभ का योग हो तो कभी कमा भी लेते हैं, लेकिन मैंने निजी तौर पर इन्‍हें क्रिकेट के पंटर सटोरियों की तरह हारकर लौटते हुए ही अधिक देखा है।

अगर जातक की जन्‍मपत्रिका में द्वितीय और एकादश भाव शक्तिशाली हो, लेकिन उसे मंगल और चंद्रमा का सपोर्ट नहीं मिल रहा हो तो जातक लंबी अवधि के निवेश करता है और एफडी से अधिक तेजी से धन कमाकर सुखी होता है।

अगर जातक की पत्रिका में पंचम, एकादश, द्वितीय के साथ गुरू, मंगल और चंद्र का अनुकूल संबंध हो तो जातक न केवल सटोरियों की तरह स्विंग ट्रेडिंग करता है, बल्कि अच्‍छा लाभ कमाता रहता है। यह दक्ष खिलाड़ी की तरह खेलता है, दांव लगाता है और सामान्‍य बाजार में भी अच्‍छी कमाई करता है।

अगर जातक की पत्रिका में पंचम, अष्‍टम और एकादश का संबंध मंगल और चंद्रमा के साथ हो तो जातक अपनी क्षमता से बाहर जातक दांव लगाता है और बहुत से प्रयोगों में विफल रहने के बाद अचानक बड़े लाभ अर्जित करता है। ऐसे खिलाड़ी को अगर अनुकूल दशा मिले तो ही तैरता है, प्रतिकूल दशा में डूबने का खतरा बहुत अधिक होता है।

#Share #Astrology #BSE #NSE #LEARN